"इतिहास - दृष्टि बदल चुकी है...इसलिए इतिहास भी बदल रहा है...दृश्य बदल रहे हैं ....स्वागत कीजिए ...जो नहीं दिख रहा था...वो दिखने लगा है...भारी उथल - पुथल है...मानों इतिहास में भूकंप आ गया हो...धूल के आवरण हट रहे हैं...स्वर्णिम इतिहास सामने आ रहा है...इतिहास की दबी - कुचली जनता अपना स्वर्णिम इतिहास पाकर गौरवान्वित है। इतिहास के इस नए नज़रिए को बधाई!" - डॉ राजेंद्र प्रसाद सिंह


Showing posts with label Megh Politicians. Show all posts
Showing posts with label Megh Politicians. Show all posts

06 August 2018

Waiting for Mega Transformation - मेघ-परिवर्तन की प्रतीक्षा में

वैसे तो समाज जैसे-जैसे फैलता है वैसे-वैसे वो कई आधारों पर बँटता भी जाता है जैसे कि नाम, रूप, रंग, एरिया, धर्म-डेरे, राजनीतिक पार्टी वगैरा के आधार पर.

मेघ समाज भी इस फैलाव और बिखराव की प्रक्रिया से गुजरा है. मेघ, भगत और कबीरपंथी तीन नाम दिमाग़ को झल्लाने के लिए काफी हैं. एक समय था जब मेघों की इस बदलाव की प्रक्रिया के सारे स्विच आर्यसमाज के हाथों में थे जिसने इनकी मौजूदा बनावट में अहम रोल निभाया. फिर भी, यह देख कर हैरानी होती है कि मेघों की बहुत बड़ी, कहते हैं कि, लगभग 70% आबादी राधास्वामी मत में दाखिल हो गई. आर्यसमाज से अलग होकर उन्हें क्या मिला इस पर जितनी चाहे माथापच्ची की जा सकती है लेकिन इसे तब तक नहीं समझा जा सकता जब तक विभिन्न धार्मिक पंथों के जात-पात विरोधी स्टैंड की भाषा को अच्छे से पढ़ नहीं लिया जाता. कुछ भवानात्मक पहलू भी हो सकते हैं उनका अध्ययन किया जाना चाहिए. बहरहाल राधास्वामी मत का 'नो-जातपात' का बैनर बहुत बड़ा था.

आर्यसमाज ने अपने धार्मिक-सामाजिक रूप-रंग के सहारे राजनीति में पैठ बनाई लेकिन सामाजिक आंदोलन के क्षेत्र में वह पिछड़ता रहा. यह बात मेघ समाज के संदर्भ में कही जा रही है. दूसरी ओर कबीरपंथ नामक सामाजिक आंदोलन इस समाज में पहुंचा और काफी तेजी से फैला. राधास्वामी मतावलंबियों की भी इसमें भूमिका रही क्योंकि राधास्वामी मत को संतमत की शाखा माना जाता है. 'मेघ भगत' नामकरण की वजह से मेघों को कबीरपंथ आंदोलन में संतमत की पहचान स्थापित नज़र आई. कबीर की छवि को अपनाने में न उन्हें दिक्कत हुई और न मशक्कत करनी पड़ी. वैसे भी शुरुआत से ही कबीर एक फैलता हुआ फिनॉमिना (असाधारण घटना) है. यही कारण है कि जालंधर के भार्गो कैंप में स्थित कबीर मुख्य मंदिर पर विभिन्न सियासी दलों की नज़र जमी रहती है. 

मेघों की सियासी समझ पहले के मुकाबले बहुत बढ़ी है लेकिन उसे परिपक्व कहा जा सकता है या नहीं मैं नहीं जानता. उन्होंने अपना कोई आज़ाद उम्मीदवार जिताने के लिए कभी कोशिश नहीं की जिससे इनके वोटों की शक्ति का परिचय मिलता जाता. पार्टियों वाली राजनीति के कई आयाम है. पहली बात यह कि उसके लिए बहुत-सा धन और अन्य संसाधन चाहिएँ. मेघों के पास जो है वो नाकाफी है. लेकिन जिन लोगों के पास कुछ संसाधन हैं उन्हें सियासी दल अपनी दावत में शामिल कर लेते हैं विशेषकर तब जब वे सियासी समझ ना रखते हों लेकिन दावत में कंट्रीब्यूट कर सकते हों. उसे पार्टी फंड कहते हैं. पार्टियों ने शिक्षित, राजनीति में प्रशिक्षित और तेज़-तर्रार मेघों पर कभी ध्यान दिया हो ऐसा दिखा नहीं.

हमारे समाज के पढे-लिखे लोग भी राजनीति और समाज सेवा में लगे हैं लेकिन उनके पास संसाधनों की कमी है. बेहतर होता कि समाज के धन्नासेठ उनकी ग्रूमिंग का प्रबंध करते. कभी लगता है कि ऐसा कुछ कार्य शुरू तो हुआ है. मेघों की सियासत की सबसे बड़ी सीमा यह है कि उनके पास संख्या बल नहीं है कम-से-कम राजनीतिक पार्टियाँ ऐसा ही मानती हैं. पंजाब में वे कुछ लाख हैं. इस स्थिति को देखते हुए यह जागृति बहुत पहले आ जानी चाहिए थी कि उनके नेता अन्य समुदायों के साथ कारगर राजनीतिक संबंध बनाते. सामाजिक संबंधों की शुरुआत तो हो ही चुकी है.

इस बात को समझ लेना चाहिए कि जब तक हम दो-चार राजनीतिक विचार बटोरते हैं तब तक पॉलिटिकल पार्टियां बहुत-सी नई जानकारियाँ और आँकड़े इकट्ठा कर चुकी होती हैं. इसलिए इस बात की सख़्त ज़रूरत है कि अपने माज़ी (अतीत) से सीखिए. इतिहास ख़ुद को तब तक दोहराता रहता है जब तक आप सीख लेकर अपना वर्तमान और भविष्य बेहतर ना बना लें. लेकिन समय को देखते हुए सीखने की गति तेज़ होनी चाहिए. 


02 November 2017

Advocate Hans Raj Bhagat - Some records - एडवोकेट भगत हंसराज - कुछ रिकार्ड


श्री आर एल गोत्रा जी ने ही सबसे पहले एडवोकेट हंसराज भगत जी के बारे में जो बताया था वो मैंने यहाँ दर्ज कर दिया था. जो छुटपुट बातें अन्य से प्राप्त हुई उसे भी साथ ही दर्ज कर दिया. पहला रिकार्ड लुधियाना के श्री सुरजीत सिंह भगत से मिला. उन्होंने तब की पंजाब विधानसभा के सदस्यों की एक फोटो उपलब्ध कराई थी. उन्होंने यह भी बताया कि उनको मिली जानकारी के अनुसार भगत हंसराज जी का बेटा इंडियन एयरलाइंस में था. आज (01-11-2017) को जोधपुर से ताराराम जी ने एक पुस्तक के कुछ पृष्ठों की फोटो प्रतियां भेजी हैं जिनमें तब की पंजाब विधान सभा का कुछ रिकार्ड उपलब्ध है. उससे पता चलता है कि एडवोकेट भगत हंसराज उस विधान सभा के मंत्रीमंडल में पार्लियामेंट्री प्राईवेट सेक्रेटरी रहे थे. नई जानकारी के संदर्भ में आज फिर गोत्रा जी से बात हुई. उन्होंने बताया कि भगत हंसराज भगत का उल्लेख अमेरिका के महान विद्वान मार्क योर्गन्समायर (Mark Juergensmeyer) की पुस्तक ‘रिलीजियस रिबेल्स ऑफ पंजाब’ में भी आया है. उन्होंने यह भी कहा कि जालंधर के कुछ आर्यसमाजी मेघ कहते हैं कि भगत हंसराज ने मेघों को आर्यनगर की ज़मीन का वाजिब हक़ दिलाने के लिए जो मुक़द्दमा किया था उस पर अदालती निर्णय न हो कर बाहर ही समझौता हो गया था. इसकी पुष्टि की जानी बाकी है. कुछ और विवरण ताराराम जी से प्रतीक्षित है.








गज़ट के नीचे बाईं ओर भगत जी के नोटरी के तौर पर नियुक्त होने की बात का उल्लेख है.
This is screenshot from the book 'Religious Rebels of Punjab' written by Mark Juergensmeyer

01 July 2016

Megh Bhagats and Politics - मेघ भगत और राजनीति

पंजाब में चुनाव आने वाले हैं. मेघ भगतों के भीतर राजनीति कुलबुलाने लगी है. हर कोई रास्ता ढूंढ रहा है कि कैसे मेघ भगतों की एकता कार्य करे और उसको या उसके किसी पसंदीदा आदमी को किसी बड़ी पार्टी का टिकट मिले. लेकिन मुझे नहीं लगता कि मेघ भगतों ने आज तक अपने किसी लीडर को सलीके से आगे भेजा हो या किसी नेता के हक़ में एकता दिखाई हो या कभी हाइवे या रेल मार्ग रोकने की धमकी दी हो.
 
जैसा कि मैं कहता रहता हूँ शुद्धिकरण के बाद मेघ भगतों में सियासी इच्छाएँ एकदम बढ़ गई थीं और उन्होंने म्युनिसिपल कमेटियों में भागीदारी की मांग उठा दी जिससे आर्यसमाजी परेशान हो उठे थे. अब तो समय काफी बदल गया है. सन 1937 में एडवकेट हंसराज भगत अविभाजित पंजाब की विधान परिषद के सदस्य बने थे. उसके बाद पंजाब से दो-चार मेघ भगत विधान सभा/परिषद में पहुँचे हैं.
 
पिछले चुनाव में जीते हुए प्रतिनिधि अचानक आगामी चुनाव के मौसम में सक्रिय हो कर थोड़े बहुत विकास कार्यों में, कबीर मंदिरों/धार्मिक स्थानों में, सार्वजनिक स्थानों के निर्माण में पैसा लगाने लगते हैं ताकि पिछले 4 वर्षों में जो वे नहीं करना चाहते थे या जो उन्होंने नहीं किया उसे वे आखिरी वर्ष में जल्दी से शुरू कर दें ताकि जनता उनको वोट दे दे. दूसरी ओर हारी हुई पार्टियों के लोग फिर से लोगों के साथ जुड़ने का प्रयास करने लगते हैं जैसे लोग उनकी बात को तुरत मानकर कोई बड़ा बदलाव कर देंगे या पिछली पार्टी को उठा कर पटक देंगे. लगातार काम करने में किसी का यकीन है, ऐसा दिखता नहीं है. अब लगने लगा है कि मेघ भगत बासी हो चुकी ऐसी राजनीति से ऊब चुके हैं. नेता टाइप और अनुभवी लोग इस बात को जानते/समझते हैं कि मेघ भगतों की राजनीतिक महत्वाकांक्षा या मांग बहुत छोटी है और वे बहुत आगे बढ़ कर राजनीति के क्षेत्र में कोई धावा बोलने वाले नहीं हैं (काश मेरा ऐसा कहना गलत हो). इसके कारण भी बहुत हैं. कमोबेश यह एक संतुष्ट-सा समाज है जिसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और दिहाड़ी से मतलब है. उसकी आने वाली पीढ़ियों के लिए सत्ता द्वारा निर्मित नीतियाँ कितनी महत्वपूर्ण होती हैं उसके प्रति वो अक्सर उदासीन होता है. यह कोई इल्जाम नहीं है यह समुदाय की सियासी समझ की कमी है जो अक्सर देखी गई है और माना जाता है यह समाज कोई बड़ी उथल-पुथल करने के लिए बना ही नहीं है.
 
आने वाली पीढ़ी से बहुत उम्मीदें हैं जो यह बात समझ रही है कि राष्ट्रीय संसाधनों (resources) पर जो हक़ वंचित समाजों का था उसे वोट की ताकत से वापस लेने की जरूरत है. इसके साथ नई पीढ़ी को यह भी समझने की ज़रूरत पड़ेगी कि चुनाव के दिनों में उदारीकरण, निजीकरण और भूमंडलीकरण (liberalization, privatization and globalization) के 'मेगा मुद्दे' गायब क्यों हो जाते हैं और क्यों धर्म, जाति, समाज, हिंदुत्व, इस्लाम वगैरा मुद्दे बन जाते हैं और आखिर हम क्यों उन्हें पकड़ कर बैठ जाते हैं? क्यों रोज़गार, शिक्षा, सेहत, चिकित्सा आदि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे चुनाव की गर्मी में भाप हो जाते हैं? हमारा चुनावी एजेंडा हम तय नहीं करते तो हम किसका एजेंडा ढोते फिर रहे हैं? अपना एजेंडा आगे बढ़ाने की हालत में आख़िर हम कब आएँगे?

Study Link : Agenda Setting Theory 



26 April 2016

Santram B.A. - संतराम बी.ए.

श्री संतराम बी.ए.
70 के दशक में मेरा होशियारपुर आना-जाना रहता था मेरे पिता श्री मुंशी राम भगत वहां मानवता मंदिर में 14 साल रहे थे. उन्होंने साधु आश्रम, होशियारपुर से जुड़े एक सज्जन संतराम बी.ए. का उल्लेख मुझ से किया था. साधु आश्रम में उन्हें एक पुस्तक मिली थी जिसमें मेघों के इतिहास की कुछ जानकारी थी. उसका उल्लेख उन्होंने अपनी पुस्तक ‘मेघ-माला’ में किया है. इसमें लिखा था कि मेघों का एक पूर्वज वाराणसी से आया था और जम्मू में आकर बसा था. उसमें छपी कहानी पर उन्होंने काफी प्रश्न चिन्ह लगाए थे. इसके अतिरिक्त मेरे सबसे बड़े जीजा जी श्री सत्यव्रत शास्त्री (चंडीगढ़), जो संस्कृत में एम.ए. थे, ने भी दो-एक बार संतराम बी.ए. का उल्लेख करते हुए उनकी प्रशंसा की थी और बताया था कि वे संस्कृत के बड़े विद्वान थे. संस्कृत में मेरी कोई रुचि नहीं थी सो अधिक सवाल नहीं किए और पिता जी से तो कम ही सवाल पूछा जाता था.

डॉ. अंबेडकर की लिखी ‘Annihilation of Caste' (जाति उन्मूलन)’ पढ़ी थी. उस वर्शन में कहीं संतराम बीए का उल्लेख आया हो सो याद नहीं. ‘जात-पात तोड़क मंडल’ द्वारा लाहौर में आयोजित एक कार्यक्रम  के बारे में भी पढ़ा था. वहाँ संतराम बीए का नाम था. बस इतना ही याद है.

आंखों में तकलीफ के कारण इन दिनों जी-मेल बहुत कम देखा था आज सुबह उसे खोला तो ताराराम जी के भेजे हुए दो मेल प्राप्त हुए थे. एक मेल के साथ एक पुस्तक से फोटो भी प्राप्त हुआ जिसे पढ़ कर हैरानगी से अधिक खुशी हुई. यह संदर्भ Dalit Movement in India and its leaders (1857-1956) पृष्ठ 323 पर मिला है. (पृष्ठ 324 और 325 कापीराइट के कारण गुगल बुक्स की साइट से नहीं दिखाए गए हैं). इस पुस्तक के लेखक श्री रामचंद्र क्षीरसागर हैं. उसका स्क्रीन शॉट नीचे दिया है :-


ढूँढने पर अन्य एक साइट पर कुछ उल्लेख इस प्रकार मिला.

“6. Shri Sant Ram B.A. ( His birthday falls on 14th Feb,2016  )                      
     Shri Sant Ram B.A. a Dalit (Megh) by caste was born on 14th Feburary 1887 at Puranni Bassi Hoshiarpur (Punjab). He had studied up to B.A. and thereafter devoted himself for Dalit upliftment social work. He was also a devoted Arya Samaji sect of Soami Dayanand Saraswati. To abolish caste system he worked to establish his own organization “Jat-Pat- Todak Mandal”. One of the plank of his organization was to promote inter-caste marriages and to get abolished caste system from within the Depressed classes. Since Arya Samajis did not cooperate with Jat-Pat Todakl Mandal ideals, so Sh.Sant Ram made it an independent organization to continue his efforts for achieving  is set goals.
Shri Sant Ram invited Dr.Ambedkar to preside over 1936 annual convention of the Jat-Pat Todak Mandal to be held at Lahore and also deliver his presidential address. Dr.Ambedkar wrote the Presidential address, but the Mandal  committee wanted some changes in it, to which Dr. Ambedkar did not agree. The convention was cancelled and the presidential address was published by Baba sahib as “Annihilation of Caste” in 1936 itself and this book is considered as one of the best books written by the author. It has gone into so many reprints since then. Sant Ram himself translated into Hindi and published in the Kranti an Urdu monthly magazine. Sant Ram authored many books as well. He breathed his last on 5th June 1988.”


एक और लिंक मिला जिसमें संतराम बीए को ‘लाला’ कहा गया है. एक पुस्तक का भी उल्लेख मिला उसमें संभवतः संतराम जी का भाषण छपा था. उसका स्क्रीनशॉट नीचे दे रहा हूँ :-
FireShot Screen Capture #008 - 'List of Booklets I Dalit Resource Centre' - dalitresourcecentre_com_archive_list-of-booklets-.png
‘लाला’ शब्द भ्रामक हो सकता है. संभव है उन्हें आर्यसमाज से जुड़े होने के कारण किसी ने आदतन ‘लाला’ कहा हो. मेरा ध्यान उनके ‘मेघ’ जाति के होने पर टिका है….और इसके साथ ही कुछ सवालों पर मेरा मन अटक गया है. दूसरी बात सामने आई कि प्रजापति समाज संतराम बीए को अपना मान कर उनका जन्मदिन मना चुका है. ताराराम जी ने बताया है कि संतराम जी के पिता कुम्हार का कार्य करते थे लेकिन वे मेघ थे जैसा कि ऊपर के स्क्रीन शॉट से स्पष्ट है. किन्हीं परिवारों के व्यवसाय बदल जाने से उनकी जाति बदल जाती है इसका संकेत स्वयं संतराम जी ने अपनी आत्मकथा में दिया है जिसके एक पृष्ठ की फोटो नीचे दी गई है.
उनका जीवन काल 16 फरवरी 1887 से 5 जून 1988 तक (सौ वर्ष से कुछ अधिक) रहा. वे 1945 में कांग्रेस में शामिल हुए और 1946 से 1962 तक पंजाब विधान परिषद के सदस्य रहे.  सन 1936 में जात-पात तोड़क मंडल के वार्षिक अधिवेशन में उन्होंने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को अध्यक्षीय भाषण पढ़ने के लिए आमंत्रित किया था.  जाहिर है कि वे डॉक्टर अंबेडकर के संपर्क में थे.  उधर एडवोकेट हंसराज भगत भी डॉ अंबेडकर के संपर्क में थे और पंजाब की अछूत जातियों की अनुसूची बनाने का कार्य कर चुके थे.  इससे यह प्रश्न पैदा होता है कि क्या श्री संतराम और एडवोकेट हंसराज भगत का कोई आपसी संपर्क था? यह भी उल्लेखनीय है कि वे दोनों पंजाब विधान परिषद के सदस्य रहे. हंसराज भगत कुछ पहले और संतराम जी कुछ बाद में. क्या संतराम बीए की कोई कैमरे से खिंची बढ़िया-सी फोटो साधु आश्रम, होशियारपुर में उपलब्ध है? 

आखिर में दिल की एक बात कहता हूँ. मेघों के बारे में बहुत-सी नकारात्मक बातें कही जाती हैं, जैसे कि इनमें एकता नहीं होती, ये किसी की नहीं सुनते, ये केंकड़ों की तरह एक-दूसरे की टाँग खींचते हैं वगैरह. मैं इसे महत्व नहीं देता. मुझे इस बात की तकलीफ होती है कि पढ़ने-लिखने के बाद भी मेघों ने अपने बारे में नहीं लिखा. संतराम बीए ने खूब लिखा और आज हमारे पास उस समय के हालात का विवरण उपलब्ध है. उनका लेखन हिंदी साहित्य के इतिहास में अपना स्थान रखता है. उनकी आत्मकथा को भारत सरकार ने आर्काइव किया हुआ है (यह लिंक आजकल ग़ायब है). यदि एडवोकेट हंसराज जी ने भी अपने बारे में लिखा होता तो उनके अनुभव हमारा मार्गदर्शन करते. अब जो खालीपन रह गया है उसे भरने का काम आपको ही करना होगा. धाराप्रवाह बोलिए और लगातार लिखिए.

“जीओ ताराराम जी”.


03-07-2016 
ब्लॉग 26-04-2016 को प्रकाशित किया गया था. इस दौरान प्रो. राजकुमार भगत व्यक्तिगत रूप से पुरानी बस्सी, होशियारपुर गए और श्री संतराम बी.ए. के घर पहुँचे जहाँ वे रहा करते थे. वे उनके एक भतीजे से और उस गाँव के कुछ अन्य लोगों से भी मिले. मैं प्रतीक्षा कर रहा हूँ कि वे अपना अनुभव लिखें ताकि उसे यहाँ शेयर किया जा सके. फिलहाल उनकी भेजी हुई फोटो यहाँ दे रहा हूँ. उन्होंने संदर्भ के लिए एक लिंक भी भेजा है जो यहाँ है.
 
 

ये लिंक भी देखें-
bharatdiscovery.org
संतराम बीए - कंवल भारती का आलेख फार्वर्ड प्रेस से.
प्रेसनोट साइट पर
Santram BA - Commitment against Casteism